शाहपुर दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार : नेपाल-यूपी में छिपता रहा हर्ष उर्फ छोटू लोधी, 4 आरोपी अब भी फरार

0

शाहपुर दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार : नेपाल-यूपी में छिपता रहा हर्ष उर्फ छोटू लोधी, 4 आरोपी अब भी फरार

Ad 1

सागर। सागर के बहुचर्चित शाहपुर दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी हर्ष उर्फ छोटू लोधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद नेपाल, उत्तरप्रदेश और बीना क्षेत्र में लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। इस मामले में अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 4 आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

पुलिस के अनुसार 8 मई की रात शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति (38) अपने साथी सूरज अहिरवार (40) के साथ गढ़ाकोटा से बिजली फिटिंग का सामान लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान बोलेरो में सवार 10 से 12 लोगों ने शराब बेचने के संदेह में दोनों को रोक लिया और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और लात-घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया।

हमले में नीरज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश हो गया, जबकि सूरज किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। अगले दिन सुबह नीरज का शव बरेठा बाबा घाटी के पास सड़क किनारे मिला। आरोपियों ने घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश करते हुए शव को वहां फेंक दिया था। वहीं घायल सूरज की इलाज के दौरान मौत हो गई।

रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी हर्ष उर्फ छोटू लोधी अपने परिजनों से मिलने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने शाहपुर-किंद्रहो मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान काले रंग की बोलेरो में पहुंचे आरोपी को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम हर्ष उर्फ छोटू लोधी निवासी किंद्रहो, जिला दमोह बताया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शाहपुर शराब कंपनी का लाइसेंस धारक है और वारदात में शामिल था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि घटना के बाद वह नेपाल, उत्तरप्रदेश और बीना क्षेत्र में छिपकर रह रहा था तथा पुलिस को गुमराह करने के लिए मामले को सड़क हादसा साबित करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, 35 हजार रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल बोलेरो वाहन, लोहे की रॉड और शराब दुकान से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।

सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले में अब तक 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 4 आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here