RPF पर गंभीर आरोप, न्याय नहीं मिला तो भाजपा और पार्षद पद छोड़ दूंगा

0

आरपीएफ पर गंभीर आरोप, न्याय नहीं मिला तो भाजपा और पार्षद पद छोड़ दूंगा : बीडी रजक

सागर/ बीना। बीना के नानक वार्ड से पार्षद बीडी रजक ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार शाम आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और पार्षद पद दोनों से इस्तीफा दे देंगे। इस मामले में उन्होंने जीआरपी थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।

Ad 1

पार्षद रजक ने बताया कि उन्होंने रेलवे क्षेत्र में सड़क खुदाई, बाउंड्री वॉल निर्माण और अन्य अव्यवस्थाओं की शिकायत रेल मंत्रालय एवं डीआरएम कार्यालय से की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद से रेलवे अधिकारियों ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया और लगातार धमकियां दी जा रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि 9 मई की रात आरपीएफ कर्मियों ने उन्हें पकड़कर मारपीट की तथा कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए। रजक का कहना है कि चेन पुलिंग के एक मामले में उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत किए एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी जीआरपी द्वारा मामले की जांच शुरू नहीं की गई है।

पार्षद ने कहा कि आरपीएफ और एडीएन व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मीडिया को शिकायत और घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी भी दी।

वहीं दूसरी ओर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी कमल सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि कार्रवाई के दौरान की पूरी सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, जिसमें कहीं भी मारपीट जैसी घटना दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत हैं और सभी साक्ष्य अदालत में प्रस्तुत किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here