ढाई साल बाद मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड तैयार, सीएम ने पूछे कामकाज और संगठन से जुड़े कड़े सवाल
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की गई। रविवार को भोपाल स्थित समत्व भवन में आयोजित वन-टू-वन बैठक में मंत्रियों ने मुख्यमंत्री Mohan Yadav, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री Shiv Prakash, प्रदेश प्रभारी Mahendra Singh और प्रदेश अध्यक्ष Hemant Khandelwal के सामने अपने ढाई वर्षों के कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
बैठक के दौरान मंत्रियों को अलग-अलग बुलाकर उनके विभागीय कामकाज और प्रभार वाले जिलों की गतिविधियों को लेकर सवाल-जवाब किए गए। मुख्यमंत्री और संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने मंत्रियों से पूछा कि उन्होंने प्रभार वाले जिलों में कितनी बार दौरे किए, कोर कमेटी की कितनी बैठकें कीं, पार्टी कार्यालय में कितनी बार समय दिया, कार्यकर्ताओं से कितनी मुलाकात की, सांसदों और विधायकों के साथ कितनी बैठकें और भोजन कार्यक्रम किए तथा कितनी बार रात्रि विश्राम किया।
इसके अलावा मंत्रियों से यह भी पूछा गया कि उनके कार्यकाल में ऐसा कौन-सा नया प्रयोग या नवाचार किया गया, जिससे विभागीय कार्यों में सुधार आया हो और समाज में सकारात्मक बदलाव दिखाई दिया हो।
समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, प्रभार वाले जिलों में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था, कमजोर विधानसभा सीटों पर किए गए प्रयास, संगठन के साथ समन्वय और प्रशासनिक चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। माना जा रहा है कि सरकार और संगठन आगामी रणनीति को ध्यान में रखते हुए मंत्रियों के प्रदर्शन का आकलन कर रहे हैं।


