सीबीएसई 12वीं में समृद्धि श्रीवास्तव का शानदार प्रदर्शन, हासिल किए 90% अंक
सागर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में शहर की प्रतिभावान छात्रा समृद्धि श्रीवास्तव ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और परिचितों में खुशी का माहौल है।
समृद्धि श्रीवास्तव वात्सल्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कॉमर्स संकाय की छात्रा हैं। उन्होंने मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के बल पर यह सफलता प्राप्त की। समृद्धि ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर अभ्यास को दिया है।
समृद्धि वरिष्ठ पत्रकार राजीव रंजन श्रीवास्तव की पुत्री हैं। उनकी माता विनीता श्रीवास्तव गृहिणी हैं। परिवार के अनुसार समृद्धि शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने समृद्धि की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वह एक अनुशासित और मेहनती छात्रा हैं, जिन्होंने पूरे वर्ष निरंतर अध्ययन किया। स्कूल परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
समृद्धि ने कहा कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखकर अपने करियर में नई ऊंचाइयों तक पहुंचना चाहती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और मित्रों ने बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी हैं।


