सागर पुलिस की मानवीय संवेदना: बुजुर्ग महिला का खोया बैग ढूँढकर लौटाया, खुशी से छलके आंसू
सागर। पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला का गुम हुआ बैग बरामद कर उन्हें सकुशल सौंप दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके एवं लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में हुई इस त्वरित कार्रवाई ने खाकी के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत किया है।
घटना के अनुसार, रहली निवासी बुजुर्ग माताजी सागर में एक विवाह समारोह में शामिल होने आई थीं। विजय टॉकीज से बस स्टैंड जाते समय उनका बैग ऑटो में ही छूट गया था, जिसमें 8100 रुपये नकद, जरूरी दवाइयां और कपड़े रखे थे। सामान खोने से बुजुर्ग महिला काफी परेशान और सदमे में थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान और महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न चौराहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और करीब 48 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद संबंधित ऑटो की पहचान कर उसे ट्रेस किया। जब कंट्रोल रूम में माताजी को उनका बैग सुरक्षित वापस मिला, तो वे भावुक हो उठीं और पुलिस टीम को ढेर सारा आशीर्वाद दिया। इस सफल कार्य में डायल-112 और कंट्रोल रूम की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा। सागर पुलिस ने सिद्ध कर दिया कि वे सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर हैं।


