सागर के जंगल में मिला तेंदुए का शव, आपसी संघर्ष में मौत की आशंका

0

सागर के जंगल में मिला तेंदुए का शव, आपसी संघर्ष में मौत की आशंका

सागर जिले के उत्तर वन मंडल शाहगढ़ अंतर्गत बरायठा के जंगल में बुधवार को एक वयस्क तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। मृत तेंदुए के सिर और गले पर गहरे घाव पाए गए हैं। वहीं घटनास्थल के आसपास दूसरे तेंदुए के पगमार्क भी मिले हैं, जिससे वन विभाग प्राथमिक तौर पर यह मान रहा है कि इलाके के वर्चस्व को लेकर दो तेंदुओं के बीच हुए संघर्ष में उसकी मौत हुई होगी।

यह मामला सागर जिले के नवगठित डॉ. भीमराव अंबेडकर अभयारण्य के तहत आने वाले बरायठा उप वन परिक्षेत्र के छापर जंगल का है। बुधवार सुबह ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें जंगल में तेंदुए का शव पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। वन अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र की भी जांच की, जहां दूसरे तेंदुए के पैरों के निशान मिले हैं।

वन विभाग की टीम ने मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम करने वाले पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोहित सितोले के अनुसार मृत तेंदुए की उम्र करीब 7 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर और गले पर संघर्ष के दौरान लगे गंभीर घाव साफ नजर आए हैं।

फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुए की मौत की सटीक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here