सागर में हाई वोल्टेज ड्रामा: बेटी संग 800 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा दंपति, रेस्क्यू शुरू
सागर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित पीली कोठी के पीछे टेकरी पर लगे बीएसएनएल टावर पर गुरुवार को एक दंपति अपनी ढाई साल की बेटी के साथ चढ़ गया। तपती दोपहर में परिवार के टावर पर चढ़ने से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार युवक की पहचान बलराम अहिरवार और उसकी पत्नी कृष्णादेवी अहिरवार के रूप में हुई है। दोनों अपनी ढाई साल की बेटी के साथ करीब 800 फीट ऊंचे टावर पर बैठे हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को फोन के माध्यम से समझाइश देकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया है और रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार पुलिस की किसी कार्रवाई से नाराज बताया जा रहा है। आरोप है कि मोतीनगर पुलिस ने उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया है। युवक के भाई ने बताया कि टावर पर चढ़ने से पहले बलराम उनसे मिला था और उसने पुलिस द्वारा मारपीट करने तथा जेल भेजे जाने की बात कही थी। इसी से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस परिवार को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है।


