चलती बस में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़, एसआई सस्पेंड
इंदौर से नागदा जा रही एक महिला डॉक्टर के साथ चलती बस में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस विभाग में पदस्थ एसआई मुन्नालाल सोलंकी ने बस के अंदर महिला डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गलत तरीके से छूने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसआई मुन्नालाल सोलंकी को सस्पेंड कर दिया। मामले की जांच अमृतलाल गवरी को सौंपी गई है।
महिला डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना इंदौर से नागदा बस के जरिए अपडाउन करती हैं। बुधवार को बस हरिफाटक ब्रिज के पास पहुंची, तभी एसआई मुन्नालाल सोलंकी उनकी सीट के पास आकर बैठ गए। डॉक्टर के मुताबिक कुछ देर बाद एसआई ने उनकी कमर पर हाथ रखकर गलत तरीके से छूने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी एसआई भड़क गया और गालीगलौज करने लगा।
महिला डॉक्टर का आरोप है कि विवाद के दौरान एसआई ने उनका मोबाइल भी छीनकर फेंक दिया। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने आरोपी एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।


