नरवाई में आग बनी आफत: 3-4 किमी तक फैली लपटें, फसल, पाइप और झोपड़ी जलकर खाक
सागर। प्रशासन की सख्त मनाही और लगातार अपील के बावजूद जिले में किसान नरवाई में आग लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसका खामियाजा गुरुवार को कैंट थाना क्षेत्र के बड़खेरा खुमान गांव में देखने को मिला, जहां एक खेत में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार, गांव के राजकुमार विश्वकर्मा के खेत में सबसे पहले आग लगी। आग किन कारणों से लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बड़खेरा खुमान निवासी शुभांक चाचोदिया ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4 बजे लगी आग तेज हवा के चलते तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में आसपास के कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें करीब 3 से 4 किलोमीटर तक फैल गईं, जिससे खेतों की नरवाई, भूसा और खेतों में रखे पाइप जलकर राख हो गए। आग का रुख इतना खतरनाक हो गया कि यह बड़खेरा खुमान से खजुरिया गुरु तक पहुंच गई। वहीं दूसरी ओर आग गांव की ओर बढ़ने लगी और एक किसान के घर की बाउंड्री तक जा पहुंची। इस दौरान एक किसान की झोपड़ी और उसमें रखा सामान भी जलकर खाक हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची सागर नगर निगम की दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ चुका था।
यह घटना एक बार फिर साफ करती है कि नरवाई जलाने की लापरवाही किस तरह बड़े हादसे का रूप ले सकती है। प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बावजूद इस तरह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।


