पुलिया से गिरी बाइक, सीने के आर-पार घुसा सरिया,2 घंटे की सर्जरी के बाद युवक की बची जान
सागर। भोपाल से सागर आ रहे एक युवक के साथ दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। 10 अप्रैल की रात रायसेन जिले के बेगमगंज के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि पुलिया में लगा करीब 12 एमएम का सरिया युवक के सीने में घुसकर आर-पार निकल गया।
घटना के बाद युवक करीब दो घंटे तक मौके पर ही तड़पता रहा और मदद के लिए चिल्लाता रहा। देर रात राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से सरिया को काटकर किसी तरह उसे बाहर निकाला गया और 11 अप्रैल को अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों को भी सूचना दी गई।
घायल युवक लकी माली (30), निवासी भोपाल को सागर के मकरोनिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने तत्काल जांच के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया। करीब दो घंटे चली जटिल सर्जरी के बाद सरिया को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सर्जरी के बाद युवक को वेंटिलेटर पर रखा गया, जिसे अब हटा दिया गया है और उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है।
होश में आने के बाद लकी ने बताया कि वह डीजे के काम से सागर आ रहा था, तभी रात करीब 2 बजे पुलिया पर अंधेरे के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। उसने आरोप लगाया कि मौके पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड था और न ही पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, जो निर्माण एजेंसी और प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। उसने जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल के डॉक्टर मनीष राय ने बताया कि युवक बेहद गंभीर हालत में लाया गया था। सीनियर सर्जन डॉ. संतोष राय, एनेस्थेटिस्ट डॉ. स्वाति जैन और डॉ. अंशुल नेमा की टीम ने मिलकर सफल ऑपरेशन किया। उन्होंने कहा कि 20 साल के करियर में ऐसे केस बहुत कम देखने को मिलते हैं। फिलहाल मरीज की हालत में लगातार सुधार हो रहा है, वह बात भी कर रहा है और खतरे से बाहर है।


