सागर में भगवान चित्रगुप्त तिराहा निर्माण कार्य तेज, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया निरीक्षण
सागर।विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने पंत नगर पिपरिया तिराहे पर निर्माणाधीन ‘भगवान चित्रगुप्त तिराहा’ एवं उनके प्रतीक चिन्ह ‘कलम-दवात’ के कार्य का स्थल निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि विधायक जैन ने पूर्व में कायस्थ समाज के एक कार्यक्रम में भगवान चित्रगुप्त जी महाराज के नाम से तिराहे के नामकरण एवं उनके प्रतीक चिन्ह ‘कलम-दवात’ के निर्माण की घोषणा की थी। उनकी इसी घोषणा के अनुरूप तिराहे के निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया गया, जो वर्तमान में तीव्र गति से जारी है।
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य तेजी से किया जा रहा है और बहुत जल्द निर्माण पूर्ण कर इसका विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। यह तिराहा कायस्थ समाज को समर्पित किया जाएगा, जो उनकी आस्था एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर रामेश्वर चौबे, कैलाश यादव, विनोद पटेल सहित स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


