बारदाने की उपलब्धता एवं उपार्जन का परिवहन समय पर सुनिश्चित करे
खाद्य, नान ,वेयरहाउस विभाग अपने-अपने कार्यों को गंभीरता के साथ करें
उर्वरक का वितरण ई—टोकन के माध्यम से ही हो
उपार्जन केन्द्रों पर पर मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य — कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल
सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिला उपार्जन समिति की बैठक में निर्देश दिए हैं कि गेहूं उपार्जन के दौरान बारदाने की उपलब्धता और अनाज का परिवहन समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने खाद्य विभाग, नान और वेयरहाउस विभाग को अपने कार्यों को गंभीरता से करने की हिदायत दी है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि भीषण गर्मी को देखते हुए उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए छायादार स्थान, शुद्ध पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए।
जिले में गेहूं उपार्जन के लिए 110 केंद्र बनाए गए हैं जहाँ 77 हजार से अधिक पंजीकृत किसान अपनी फसल बेच सकेंगे। इसके साथ ही चना और मसूर का उपार्जन भी 70 केंद्रों पर जारी है। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में केंद्रों का लगातार निरीक्षण करने और तौल कांटों की शुद्धता की जांच करने के निर्देश दिए हैं ताकि प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
खाद वितरण के संबंध में कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि उर्वरक का वितरण केवल ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए। चाहे शासकीय केंद्र हो या निजी विक्रेता, बिना ई-टोकन के खाद का वितरण नहीं होगा और अधिकारी इसकी लगातार मॉनिटरिंग करेंगे। बैठक में अपर कलेक्टर अविनाश रावत और जिला आपूर्ति नियंत्रक ज्योति बघेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


