MP news : भाजयुमो नेता की धारदार हथियार से हत्या
Bhopal।भोपाल सेंट्रल जेल के गेट पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार शाम 6 बजे की है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद दोपहर 1 बजे शव को परिजन ने लिंक रोड नंबर दो पर रखकर जाम लगा दिया।
परिजन कहना था कि मर्डर केस में तंजील और भूरा हड्डी को भी नामजद किया जाए। रात में पुलिस को ये नाम दिए थे। पुलिस ने देर रात चार आरोपियों पर केस दर्ज किया है, एफआईआर में ये दो नाम नहीं हैं।
जाम की सूचना पर एसीपी चंद्र शेखर पांडे मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा परिवार में इकलौते बेटे और अकेले कमाने वाले थे। उनसे छोटी एक बहन है। पिता का 10 साल पहले निधन हो चुका है।
जेल कैम्पस से बाहर आते ही चार आरोपियों ने हमला किया
एडिशनल डीसीपी जोन-4, मलकीत सिंह ने बताया कि सतीश खरे को एक मर्डर केस में जेल हो चुकी है। वह एक महीने से पेरोल पर था। शुक्रवार को पेरोल खत्म होने पर विकास वर्मा, दोस्त ईशु खरे के साथ बड़े भाई सतीश को जेल छोड़ने गया था। रास्ते में पंचशील नगर निवासी सुरेंद्र कुशवाहा (27) भी मिल गया। सतीश खरे को जेल छोड़ने के बाद तीनों जेल कैम्पस से बाहर निकले, तभी सांची पार्लर के पास संदेश नरवारे, आकाश भदौरिया, छोटा चेतन उर्फ फैजल और दीपांशु सेन ने चाकू से हमला कर दिया। दोनों गुट भिड़ गए।
सुरेंद्र की जांघ में चाकू लगा, जबकि विकास वर्मा के हाथ में चाकू लगा। दोनों घायलों को सबसे पहले श्रद्धा अस्पताल ले जाया गया। इतने में सुरेंद्र की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि झगड़े की सूचना जेल स्टाफ ने पुलिस को दी थी। इससे पहले ही सुरेंद्र और विकास को उसके साथी कार से पहले हमीदिया अस्पताल, फिर एम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। विकास वर्मा को हजेला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गांधीनगर थाना पुलिस आरोपी संदेश नरवारे, आकाश भदौरिया, छोटा चेतन उर्फ फैजल और दीपांशु सेन को तलाश रही है।
2011 में मुकेश कमली की हत्या हुई थी। इसी हत्याकांड में सतीश सजायाफ्ता है। आरोपी मुकेश की गैंग के हैं। उन्होंने कुछ रोज पहले भी सुरेंद्र के साथ मारपीट की थी। उसने पुलिस में शिकायत नहीं की थी।