आदर्श गार्डन में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा नव मतदाता सम्मेलन का हुआ आयोजन

आदर्श गार्डन में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा नव मतदाता सम्मेलन का हुआ आयोजन

सागर। मोतीनगर स्थित आदर्श गार्डन में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा नव मतदाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा शामिल हुए। उन्होंने नव मतदाताओं से संवाद करते हुए भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों के बारे में भी जानकारी दी।

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को आपसे सबसे अधिक अपेक्षाएं हैं। इसलिए प्रतिनिधि के तौर पर उन्होंने मुझे आपके पास संवाद करने के लिए भेजा है। मोदी सरकार निरंतर युवाओं को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। वर्ष 2014 से 2024 तक भारत दुनिया के विकसित देशों की श्रेणी में शामिल हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में ऐसे कार्य किए, जिन पर पुरानी सरकारें, केवल विचार विमर्श ही करती रही। अयोध्या में 500 वर्ष की प्रतीक्षा के बाद श्री राम लाल के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ। कश्मीर से धारा 370 को हटाने, जैसे अहम कार्य किए। उन्होंने देश के नव निर्माण में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज विश्व पटल पर भारत का नाम अंकित हो गया है। उन्होंने कहा कि आज का युवा देश की दिशा और दशा बदलने की शक्ति रखता है। युवा मतदाताओं से मैं अपील करता हूं कि विश्व के लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी के हाथ को मजबूती प्रदान कर देश के नव निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दें।

विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रवाद की विचारधारा से प्रेरित है, भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जिसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए हम सभी को मिलकर अपनी ऊर्जा मिशन 2024 में होने वाले चुनाव में लगाना है। संगठन की मजबूती के लिए पिछले सालों में सरकार द्वारा किए गए जनकल्याण के कार्यों को जनमानस तक पहुंचाना है। वहीं युवाओं को भी संगठन से जोड़ने का काम करना है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी जिम्मेदारी समझेंगें तभी वे आगे भविष्य की पीढ़ी को इसके बारे में बता सकेंगें।

भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दल नहीं, एक परिवार की तरह है। जहां कार्यकर्ता ही सर्वोपरि हैं। भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा दल है, जहां कार्यकर्ताओं को बड़ी से बड़ी जिम्मेदारी दी जाती है। सांसद राजबहादुर सिंह ने कहा कि नई पीढ़ी की भारतीय युवा शक्ति ने अपनी बुद्धि, कौशल और क्षमता के आधार पर दुनियाभर में अपना लोहा मनवाया हैं।

नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को नई दिशा देने का कार्य किया है। सागर में भी राजकीय विश्वविद्यालय की मांग लंबे समय से थी, जब इस मांग को विधायक शैलेंद्र जैन ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के समक्ष रखा तो मुख्यमंत्री ने मांग को सहज ही स्वीकार कर लिया। अब इस राजकीय विद्यालय की स्थापना से सागर ही नहीं पूरे जिले भर के हजारों छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमेशा जनकल्याण के ही कार्य करती है। भारतीय जनता पार्टी से सांसद प्रत्याशी लता वानखेड़े ने कहा कि युवा शक्ति जिस दिशा में चल पड़ती है, विजय श्री भी इस दिशा में आगे बढ़ती है। इसी युवा शक्ति को मजबूत करने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।

भाजयुमो अध्यक्ष यश अग्रवाल ने कहा कि युवा ही क्रांति के वाहक होते हैं और युवा ही देश के पुनर्निर्माण में भूमिका निभा सकते है। इस दौरान बड़ी संख्या में नव मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह,निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार,जिला प्रभारी श्याम सुंदर शर्मा,लोकसभा प्रभारी जय प्रकाश चतुर्वेदी,प्रदेश मंत्री प्रभु दयाल पटेल,श्याम तिवारी, जगन्नाथ गुरैया, मंडल अध्यक्ष मनीष चौबे, रीतेश मिश्रा, अनुराग प्यासी, वीरेंद्र पाठक, प्रासुक जैन, हरिराम सिंह, चेतराम अहिरवार, कृष्ण कुमार पटेल, नितिन सोनी, भानु राजपूत, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राहुल वैद्य, विकास केसरवानी, निखिल अहिरवार उपस्थित थे।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top