बुंदेलखंड की माटी की शान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर क्रांति गौड़ का सागर में भव्य स्वागत
सागर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सागर तथा आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर कु. क्रांति गौड़ के सागर आगमन पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कु. क्रांति गौड़ ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती शर्मीला डावर ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कु. क्रांति गौड़ ने कहा कि उनकी सफलता का सफर अनेक संघर्षों से होकर गुजरा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 तक उन्हें कई बार एक समय का भोजन भी बड़ी कठिनाई से मिल पाता था। उनके माता-पिता ने उनकी क्रिकेट प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के लिए अपने गहने तक बेच दिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता के त्याग, आशीर्वाद और अपनी निरंतर कड़ी मेहनत के बल पर ही वे आज इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।


