वेयरहाउस में विवाद के बाद युवक की हत्या, सुरखी पुलिस ने 48 घंटे में आरोपी को दबोचा
सागर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रहली श्री प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना सुरखी पुलिस ने वेयरहाउस में हुए विवाद के बाद युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
दिनांक 22 जुलाई 2026 को फरियादी पप्पू उर्फ पवन पिता स्व. गुड्डा अहिरवार, निवासी राजा बिलहरा, थाना सुरखी ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 20 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे वह अपने साथियों के साथ शासकीय वेयरहाउस बम्होरी के कार्यालय में बैठा हुआ था। उसी समय वेयरहाउस के दूसरे कमरे में मौजूद भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा एवं भूपेन्द्र शर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद एवं गाली-गलौज होने लगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया, लेकिन इसी दौरान आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा लोहे का पाइप लेकर आया और जान से मारने की नीयत से पीछे से भूपेन्द्र शर्मा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल भूपेन्द्र शर्मा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बेहतर इलाज हेतु हमीदिया अस्पताल, भोपाल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 23 जुलाई 2026 को उसकी मृत्यु हो गई।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सुरखी में अपराध क्रमांक 249/2026 धारा 296(ए), 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घायल की मृत्यु उपरांत प्रकरण में हत्या संबंधी धाराएं जोड़ी गईं।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सुरखी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार उर्फ कृष्ण स्वरूप पिता मथुरा उर्फ गिंदे शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम खुरई थावरी, थाना सुरखी, जिला सागर को दिनांक 24 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में मारपीट एवं अन्य अपराधों का प्रकरण थाना सुरखी में पंजीबद्ध है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरखी उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक रामअवतार धाकड़ (चौकी प्रभारी बिलहरा), प्रधान आरक्षक महेन्द्र प्रभाकर, प्रधान आरक्षक नौवत कुमार, आरक्षक कर्मवीर, आरक्षक कामता, आरक्षक चालक विकास मिश्रा, प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार (सायबर सेल) सहित थाना सुरखी के समस्त पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है, जिससे आमजन में सुरक्षा एवं कानून के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।


