मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

शराब की लत छुड़ाने का काढ़ा बना मौत की वजह, दो युवकों की गई जान; पांच की हालत गंभीर

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
शराब की लत छुड़ाने का काढ़ा बना मौत की वजह, दो युवकों की गई जान; पांच की हालत गंभीर

शराब की लत छुड़ाने का काढ़ा बना मौत की वजह, दो युवकों की गई जान; पांच की हालत गंभीर

बैतूल में कथित ओझा के उपचार से मचा हड़कंप, जड़ी-बूटियों का काढ़ा पीने के बाद बिगड़ी सात लोगों की तबीयत; पुलिस ने तीन लोगों पर दर्ज किया मामला

बैतूल। शराब की आदत से छुटकारा दिलाने का दावा कर लोगों को पिलाया जा रहा जड़ी-बूटियों का काढ़ा दो युवकों की मौत का कारण बन गया। बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र स्थित राजा बैठक ढाना गांव में काढ़ा पीने के कुछ ही समय बाद सात युवकों की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें उल्टियां होने लगीं और कुछ युवक बेहोश हो गए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पांच अन्य को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। इनमें से दो की स्थिति गंभीर बताई गई है।

घटना बुधवार को ग्राम पंचायत पाठाखेड़ा के राजा बैठक ढाना में सामने आई। जानकारी के मुताबिक, ओझा परते नाम का व्यक्ति पिछले लगभग दो वर्षों से शराब की लत छुड़ाने के लिए जड़ी-बूटियों से तैयार काढ़ा पिलाता था। बुधवार को भी इस कथित उपचार के लिए आठनेर, चिचोली और सारनी समेत आसपास के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग पहुंचे थे। ओझा परते और उसके साथ मौजूद सहयोगियों ने लोगों को काढ़ा पिलाया। कुछ देर बाद सात युवकों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो युवकों ने तोड़ा दम

काढ़ा पीने के बाद उल्टी और बेहोशी की शिकायत सामने आने पर सभी प्रभावित युवकों को चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आठनेर थाना क्षेत्र के देहगुड़ गांव निवासी रामकिशोर पिता सेवाराम झोड़ (35) और मलाजपुर के इमली ढाना निवासी संजय पिता बब्बू उईके (22) को मृत घोषित कर दिया।

इस घटना में पांच अन्य युवक भी प्रभावित हुए हैं। इनमें मोहन पिता दशरथ अमरुते (30), सहदेव पिता मंगल इवने (22), राकेश पिता जग्गू उईके (17), विजय पिता बब्बू उईके (26) और रामदास पिता वासुदेव अहाके (26) शामिल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज शुरू किया गया। सहदेव और रामदास की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

काढ़े में जहरीला पदार्थ होने की आशंका

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने आशंका जताई है कि काढ़े में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट हो सकती है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अपनी टीमों को सतर्क कर दिया है। आसपास के गांवों में ऐसे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है, जिन्होंने इस कथित ओझा से काढ़ा पिया था। विभाग का प्रयास है कि प्रभावित लोगों की पहचान कर उनकी स्वास्थ्य जांच कराई जाए, ताकि किसी तरह की परेशानी होने पर समय रहते इलाज मिल सके।

दूसरी ओर, पुलिस ने घटनास्थल से काढ़ा तैयार करने में इस्तेमाल की गई सामग्री और अन्य सामान अपने कब्जे में लिया है। जब्त वस्तुओं में पेड़ की जड़ का चूरा और लाल रंग का तरल पदार्थ भी शामिल है। इन सभी नमूनों की जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि काढ़े में किन पदार्थों का इस्तेमाल किया गया था और युवकों की मौत की असल वजह क्या रही।

ओझा समेत तीन लोगों पर मामला दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने बताया कि मामले में ओझा परते, उसके सहयोगी शरद कवड़े और रमेश उईके के खिलाफ चिचोली थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 286 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से काढ़ा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त कर ली है और तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि काढ़ा तैयार करने में किन-किन जड़ी-बूटियों और अन्य पदार्थों का इस्तेमाल किया गया था। साथ ही यह जानकारी भी जुटाई जा रही है कि पिछले दो वर्षों के दौरान इस तरह का उपचार लेने वाले अन्य लोगों को पहले कभी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई थी या नहीं। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →