आईजी इरशाद वली के लगातार दौरे, लेकिन कानून व्यवस्था पर ठोस एक्शन का इंतजार
अपराध नियंत्रण और विभागीय कसावट को लेकर अब तक कोई बड़ा एक्शन प्लान सामने नहीं आया
सागर। पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन इरशाद वली इन दिनों मैदानी पुलिस व्यवस्था का जायजा लेने के लिए लगातार थानों का भ्रमण कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने थाना बहरोल और थाना विनायका पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया। इस दौरान अपराधों की प्रकृति, क्राइम पैटर्न, बीट व्यवस्था और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों की जानकारी ली। ग्रामीणों और विद्यार्थियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

आईजी का मैदानी स्तर पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों से संवाद करना और ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी बात सुनना निश्चित रूप से सकारात्मक पहल है। इससे पुलिस और जनता के बीच संवाद तथा विश्वास मजबूत हो सकता है। लेकिन दूसरी ओर, सागर जोन में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर आईजी की कार्यशैली के ठोस परिणामों का इंतजार भी किया जा रहा है।
दरअसल, पदभार संभालने के बाद से आईजी के दौरे और निरीक्षण तो लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन अब तक बड़े स्तर पर अपराध नियंत्रण की रणनीति, जोन स्तरीय क्राइम समीक्षा बैठक, लंबित विभागीय जांचों के निराकरण, लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई अथवा कानून व्यवस्था को लेकर किसी व्यापक एक्शन प्लान की तस्वीर सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है।
थानों का निरीक्षण अपनी जगह जरूरी है, लेकिन आमजन की अपेक्षा इससे आगे की भी है। जिले और संभाग में अपराधों की समीक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, लंबित मामलों की प्रगति, पुलिसिंग में जवाबदेही और थाना स्तर पर कसावट जैसे मुद्दों पर भी प्रभावी निर्देश और उनके पालन की जरूरत है।
अब सवाल यह है कि आईजी के लगातार मैदानी दौरों के बाद पुलिस व्यवस्था में क्या बदलाव नजर आएगा? क्या इन निरीक्षणों का असर अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर भी दिखाई देगा या फिर दौरे और संवाद ही प्रमुख गतिविधि बने रहेंगे? फिलहाल सागर जोन की पुलिसिंग में किसी व्यापक और ठोस बदलाव का इंतजार है।








