सदर में देर रात की घटना; लाठी और नुकीली वस्तु से मारपीट का आरोप, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
सागर। थाना कैंट क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और रुपये देने से इनकार करने पर युवक के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद कैंट पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगाई थी। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
देर रात सदर में हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की रात करीब 12:45 बजे सदर निवासी 35 वर्षीय शिवम उर्फ गुड्डा चौकसे अपने परिवार के दीपक चौकसे के साथ लाल ब्रांच, सदर के पास खड़े थे। शिवम लकड़ी के टाल की दुकान संचालित करते हैं।
इसी दौरान 13 मुहाल निवासी चिंटू उर्फ मोहित खटीक, विकास खटीक, ओमप्रकाश खटीक और सन्नी जाटव वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों ने शिवम से शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। शिवम ने पैसे देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी तथा नुकीली वस्तु से शिवम पर हमला कर दिया। हमले में शिवम को गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे दीपक चौकसे के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह भी घायल हो गए।
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की शिकायत मिलने पर कैंट थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 483/2026 दर्ज किया। मामले में धारा 296बी, 119(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल टीम सक्रिय की। संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया और संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई।
पुलिस की कार्रवाई में चिंटू उर्फ मोहित खटीक और सन्नी जाटव को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं विकास खटीक और ओमप्रकाश खटीक की तलाश पुलिस लगातार कर रही है।
जबरन पैसे मांगने और मारपीट पर कार्रवाई
कैंट पुलिस के मुताबिक, किसी व्यक्ति से जबरन रुपये मांगने, उसके साथ मारपीट करने या डर का माहौल पैदा करने जैसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, उनि नरेन्द्र तिवारी, प्रआर सुरेन्द्र, प्रआरक्षक ब्रजेन्द्र गौतम, आरक्षक आशीष यादव, आरक्षक गुड्डू शर्मा, आरक्षक देवेन्द्र रावत, आरक्षक नरेश, आरक्षक विशाल, आरक्षक नीलेश और आरक्षक जितेन्द्र की भूमिका रही।








