मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में शेयर मार्केट के नाम पर कथित ठगी के अड्डे पर पुलिस का बड़ा एक्शन

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर में शेयर मार्केट के नाम पर कथित ठगी के अड्डे पर पुलिस का बड़ा एक्शन

सागर में शेयर मार्केट के नाम पर कथित ठगी के अड्डे पर पुलिस का बड़ा एक्शन

मोतीनगर में कथित अवैध एडवाइजरी नेटवर्क का खुलासा, तीन आरोपी पकड़े गए, मुख्य आरोपी करन चौरसिया की तलाश जारी

शहर में कई जगह कॉल सेंटर संचालित होने की सूत्रों से चर्चा, निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों को निशाना बनाने की आशंका

सागर। शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों को निवेश के नाम पर कथित रूप से ठगने वाले नेटवर्क के खिलाफ मोतीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वर्धमान कॉलोनी में संचालित एक कथित एडवाइजरी कार्यालय पर छापा मारकर पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। मौके से मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे करन चौरसिया सहित अन्य की तलाश की जा रही है।

शेयर बाजार के नाम पर चल रहे इस कथित नेटवर्क की जांच के बीच शहर में अन्य स्थानों पर भी कॉल सेंटर संचालित होने और निवेश के नाम पर लोगों को निशाना बनाए जाने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, इन स्थानों और गतिविधियों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में पुलिस की जांच का दायरा बढ़ने पर इस तरह के दूसरे नेटवर्क की वास्तविक स्थिति भी सामने आ सकती है।

फोन लगाकर निवेश के लिए करते थे प्रेरित

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काकागंज वार्ड स्थित वर्धमान कॉलोनी में दुबे तालाब के पीछे एक मकान में शेयर मार्केट एडवाइजरी के नाम पर कार्यालय चलाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने तलाशी वारंट लेकर कार्रवाई की। मौके पर तीन व्यक्ति मोबाइल फोन के जरिए लोगों को कॉल करते मिले।

पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर बताया कि वे करन चौरसिया के कहने पर ग्राहकों से संपर्क करते थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में संबंधित कार्यालय के पते पर शेयर मार्केट एडवाइजरी का वैध सेबी पंजीयन नहीं मिला। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि ग्राहकों से किस तरह संपर्क किया जाता था, निवेश के नाम पर कितनी राशि प्राप्त की गई और रकम किन बैंक खातों या यूपीआई आईडी के माध्यम से ली जाती थी।

यूपीआई आईडी के जरिए रकम लेने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए व्यक्तियों में दीपक राजपूत, सौरभ नामदेव और अनिल रैकवार शामिल हैं। पूछताछ में दीपक राजपूत ने कथित तौर पर लिखित जानकारी दी कि उनके पास सेबी से संबंधित पंजीयन, कुमास्ता लाइसेंस अथवा अन्य वैधानिक अनुमति नहीं थी। पुलिस के अनुसार, ग्राहकों से निवेश के नाम पर राशि प्राप्त करने के लिए यूपीआई आईडी का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) और मध्यप्रदेश निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम की धारा 6(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है। जब्त मोबाइल फोन और अन्य सामग्री की जांच से नेटवर्क से जुड़े लोगों तथा कथित लेनदेन के संबंध में अहम जानकारी मिलने की संभावना है।

करन चौरसिया की भूमिका की जांच

इस मामले में करन चौरसिया की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार, ग्राहकों की जानकारी और यूपीआई आईडी उपलब्ध कराने के संबंध में उसका नाम सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कहीं दूसरे स्थानों से भी इसी तरह की गतिविधियां तो संचालित नहीं हो रही थीं।

शहर में दूसरे ठिकानों पर भी नजर जरूरी

मोतीनगर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शेयर मार्केट में निवेश सलाह देने के नाम पर संचालित होने वाले अन्य कार्यालयों की जांच की जरूरत भी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, शहर में अलग-अलग स्थानों पर शेयर बाजार के नाम पर कॉल सेंटर चलने और लोगों को फोन के जरिए निवेश के लिए प्रेरित किए जाने की चर्चा है। हालांकि, इन केंद्रों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि ऐसी गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो उनकी जांच से निवेशकों को संभावित नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है।

निवेश से पहले करें पंजीयन की जांच

सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शेयर बाजार में निवेश करने या किसी से निवेश संबंधी सलाह लेने से पहले संबंधित संस्था और सलाहकार के पंजीयन की आधिकारिक माध्यमों से पुष्टि करें। निश्चित और असामान्य रूप से अधिक मुनाफे का लालच देने वालों से सावधान रहें। किसी अनजान व्यक्ति की यूपीआई आईडी या बैंक खाते में बिना सत्यापन रकम जमा न करें।

कार्रवाई में थाना प्रभारी मोतीनगर जसवंत सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक गौरव गुप्ता सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की विवेचना जारी है।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →