मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 52 हजार के पटाखे जब्त, बटनदार चाकू के साथ युवक गिरफ्तार

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
सागर में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 52 हजार के पटाखे जब्त, बटनदार चाकू के साथ युवक गिरफ्तार

सागर में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 52 हजार के पटाखे जब्त, बटनदार चाकू के साथ युवक गिरफ्तार

सागर। त्योहारी सीजन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सागर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। केसली थाना पुलिस ने ग्राम सहजपुर में एक मकान के अंदर अवैध रूप से भंडारित करीब 52 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं, वहीं गोपालगंज थाना पुलिस ने तिली बाघराज वार्ड क्षेत्र में बटनदार चाकू लेकर घूम रहे 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए हैं।

मकान की पलंग पेटी में छिपाकर रखे थे पटाखे

केसली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सहजपुर निवासी मिन्टू उर्फ सौरभ जैन अपने मकान में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण किए हुए है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना प्रभारी धर्मराज सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान की तलाशी ली। इस दौरान एक कमरे में रखी लोहे की पलंग पेटी के अंदर विभिन्न प्रकार के छोटे-बड़े पटाखे मिले। पुलिस ने करीब 52 हजार रुपये कीमत की आतिशबाजी सामग्री जब्त कर ली।

पुलिस ने आरोपी मिन्टू उर्फ सौरभ जैन, पिता स्व. राजकुमार जैन, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम सहजपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 288 और विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख)(1)(ख) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान होने के कारण आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कर पाबंद किया गया।

पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, जेब से मिला बटनदार चाकू

दूसरी कार्रवाई गोपालगंज थाना पुलिस ने 31 अक्टूबर को की। पुलिस कस्बा भ्रमण और कांबिंग गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि तिली बाघराज वार्ड क्षेत्र में एक युवक अवैध चाकू लेकर घूम रहा है। पुलिस टीम एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला के पास पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम करन पटेल, पिता लोकमन पटेल, उम्र 20 वर्ष, निवासी तिली वार्ड, थाना गोपालगंज, सागर बताया। तलाशी के दौरान उसकी जींस की दाहिनी जेब से लोहे का एक पुराना इस्तेमालशुदा बटनदार धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(b) में प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

युवक के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, करन पटेल के विरुद्ध थाना गोपालगंज और थाना सिविल लाइन में पहले से तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2024 का एक मामला और वर्ष 2025 तथा 2026 के दो मामले शामिल हैं।

दोनों कार्रवाइयां पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में की गईं। केसली की कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और नरेंद्र सोलंकी तथा एसडीओपी देवरी अरुण उइके का मार्गदर्शन रहा। वहीं गोपालगंज की कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी, सीएसपी ललित कश्यप के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में की गई।

सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने या हथियार लेकर घूमने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि संभावित दुर्घटनाओं और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को रोका जा सके।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →