युवा अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता से विकसित भारत के निर्माण में निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका – विधायक शैलेंद्र कुमार जैन
जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का रविन्द्र भवन में हुआ भव्य आयोजन, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने विजेता प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत
नशामुक्त युवा, सशक्त युवा और विकसित भारत की थीम पर पांच विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
सागर। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के खेल और युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार खेल और युवा कल्याण विभाग सागर के तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आयोजन 31 अक्टूबर को रविन्द्र भवन हॉल में किया गया। युवा उत्सव में समूह लोकगायन, समूह लोकनृत्य, कविता लेखन, पेंटिंग एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न विधाओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और उसकी प्रगति का आधार होते हैं। भारत आज विश्व में अपनी एक अलग पहचान स्थापित कर रहा है और इसमें देश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने युवाओं की ऊर्जा, सामर्थ्य और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संकल्प लिया है। युवा उत्सव जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। कला, साहित्य, संगीत और नाट्य जैसी विधाएं केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक चेतना को जीवित रखने का सशक्त माध्यम भी हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता, सीखने की भावना और निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री निकेश गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर ने अतिथियों एवं निर्णायकों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया तथा युवा उत्सव के आयोजन एवं उसकी विभिन्न विधाओं की जानकारी दी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री निकेश गुप्ता ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया। श्री रिशांक तिवारी ने भी अपने उद्बोधन से युवाओं में उत्साह का संचार किया। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने नशामुक्त भारत और श्रेष्ठ भारत के संकल्प पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।
युवा उत्सव का आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नशामुक्त युवा एवं विकसित भारत के संकल्प की थीम पर किया गया। प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साह और रचनात्मकता के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—
पेंटिंग: प्रथम प्रखर आदित्य यादव, द्वितीय रिया ठाकुर एवं तृतीय प्रियांश सोनी।
कविता लेखन: प्रथम जयदीप घावरिया, द्वितीय हरिकांत साहू एवं तृतीय विशाल केवट।
नुक्कड़ नाटक: प्रथम पॉलिटेक्निक कॉलेज सागर, द्वितीय नवरंग थिएटर सागर एवं तृतीय आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज सागर।
समूह लोकगीत: प्रथम अनिकेत यादव दल, रहली विकासखंड, द्वितीय तृप्ति सेन, विकासखंड सागर एवं तृतीय नरज सेन, विकासखंड सागर।
समूह लोकनृत्य: प्रथम पलक रैकवार ग्रुप, द्वितीय बरारू ग्रुप सागर एवं तृतीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सागर।
सभी विजेता प्रतिभागियों एवं दलों को अतिथियों द्वारा मंच पर पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन में विभिन्न विधाओं के निर्णायकों के रूप में उपस्थित कला एवं साहित्य जगत के विशेषज्ञों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पेंटिंग विधा के निर्णायक श्री असरार अहमद, श्रीमती अंशिता बजाज एवं श्री मेघा शर्मा, कविता लेखन में श्री टीकाराम त्रिपाठी, श्री नलिन जैन एवं डॉ. अवधेश प्रताप सिंह, समूह लोकनृत्य में श्रीमती प्रियंका वर्मा, श्री संजय जड़िया एवं श्री आशीष खटीक, नुक्कड़ नाटक में श्री रविंद्र दुबे (कक्का जी), श्री अतुल श्रीवास्तव एवं श्री मनोज सोनी तथा समूह लोकगीत में श्री देवकीनंदन शकवार, श्री जयंत विश्वकर्मा एवं श्री कपिल चौरसिया निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में खेल एवं युवा कल्याण विभाग सागर की ओर से सभी निर्णायकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन आकाशवाणी के श्री सतीश साहू ने किया।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले एकल प्रतिभागी तथा विजेता दल आगामी 4 नवंबर 2026 को प्रातः 9:30 बजे रविन्द्र भवन सागर में आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय युवा उत्सव में सहभागिता करेंगे।








