सागर में कुशवाहा समाज का भव्य चल समारोह, एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी का दिया संदेश
सागर। श्री लवकुश जयंती के अवसर पर रविवार को कुशवाहा समाज सागर द्वारा राजीव नगर वार्ड स्थित श्री रामजानकी पटेल मंदिर से भव्य शोभायात्रा एवं चल समारोह निकाला गया। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की मौजूदगी में निकले चल समारोह में अखाड़ों और आकर्षक धार्मिक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। भगवान श्री लवकुश के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में अखंड कुशवाहा समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डालचंद पटेल एवं कुश कल्याण बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल ने समाज की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों और सम्मान की प्रभावी आवाज उठा सकता है। आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा और सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में सभी को मिलकर काम करना होगा।
ऑल इंडिया कैंटूमेंट बोर्ड एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी वीरेंद्र पटेल ने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता और संगठन में है। कुशवाहा समाज संख्या की दृष्टि से मजबूत है और अब समय आ गया है कि समाज अपनी संख्या के अनुरूप सामाजिक सम्मान, राजनीतिक भागीदारी और अधिकार हासिल करे।
अखंड कुशवाहा समाज के जिलाध्यक्ष राजकुमार पटेल ने कहा कि “जिसकी जितनी संख्या भारी, उतनी उसकी हिस्सेदारी” समाज की वर्तमान आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सम्मान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में समाज को अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करानी होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाज अपने हित और सम्मान को ध्यान में रखकर राजनीतिक निर्णय लेगा।
चल समारोह के दौरान विधायक प्रदीप लारिया ने कुशवाहा समाज के वरिष्ठजनों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधि हीरा सिंह राजपूत, शैलेंद्र जैन, श्याम तिवारी, अभिराज सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर एससी, एसटी और ओबीसी सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों के सामाजिक मुखियाओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया। वक्ताओं ने सामाजिक समरसता और एकजुटता को मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में रामजानकी मंदिर के अध्यक्ष राजेश पटेल, डॉ. एसपी पटेल, आरएस पटेल, मनमोहन पटेल, मोहन कुशवाहा, शंकर पटेल, दुर्गेश पटेल, धर्मेंद्र पटेल, नरेश पटेल, श्यामलाल पटेल, राजपाल पटेल, अशोक पटेल, कल्लू पटेल, पवन पटेल, सोना, कन्हैया पटेल, रूबी पटेल सहित जिलेभर के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाज के मुखिया उपस्थित रहे।
शोभायात्रा में शामिल अखाड़ों और धार्मिक झांकियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। समापन अवसर पर समाजजनों ने कहा कि कुशवाहा समाज संगठित है और आने वाले समय में सामाजिक सम्मान, अधिकार एवं राजनीतिक भागीदारी को लेकर अपनी भूमिका स्वयं तय करेगा।








