सागर में घर-घर पहुंचे रावतपुरा सरकार, गौमाता के लिए मांगी ‘एक रोटी’
सागर। गौसेवा और करुणा का संदेश लेकर पूज्य रावतपुरा सरकार महाराज शनिवार को सागर के सदर क्षेत्र में ‘एक रोटी गौमाता के लिए’ अभियान के तहत घर-घर पहुंचे। उन्होंने स्वयं हाथों में झोली लेकर लोगों से बेसहारा गौमाताओं के लिए एक रोटी का सहयोग मांगा।

महाराज को अपने घर के द्वार पर गौमाता के लिए रोटी मांगते देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे और अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। घरों से एकत्र रोटियां बेसहारा, भूखी और जरूरतमंद गौमाताओं तक पहुंचाई जाती हैं।
महाराज ने लोगों से अपील की कि घर में रोटी बनाते समय एक रोटी ऐसी गौमाता के नाम जरूर निकालें, जो किसी घर की नहीं है। अभियान का उद्देश्य गौसेवा को केवल गौशालाओं तक सीमित न रखकर हर परिवार की दिनचर्या और संस्कार से जोड़ना है।
सागरवासियों ने अभियान में सहभागिता करते हुए बेसहारा गौमाताओं की सेवा के इस संकल्प को आगे बढ़ाने का विश्वास जताया।








