मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में बड़ा हादसा टला, टायर फटने से अनियंत्रित बस ने तीन बाइक रौंदी

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
Sponsor Ad
सागर में बड़ा हादसा टला, टायर फटने से अनियंत्रित बस ने तीन बाइक रौंदी

सागर में बड़ा हादसा टला, टायर फटने से अनियंत्रित बस ने तीन बाइक रौंदी

सागर। मकरोनिया-बमोरी रोड पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बीटीआईआरटी कॉलेज के सामने यात्रियों से भरी बरकोटी ट्रेवल्स की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई। बताया जा रहा है कि चलते समय बस का टायर फटने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया।

बस सड़क किनारे खड़ी तीन मोटरसाइकिलों से जा टकराई, जिससे तीनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं बस में सवार करीब एक दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों की मदद की। बताया गया कि बस सागर से नरसिंहपुर की ओर जा रही थी।

हादसे के बाद बस में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाए जाने का मामला भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार 52 सीटर बस में 125 से अधिक यात्री सवार थे। रक्षाबंधन के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर जा रहे थे और भीड़ के कारण यात्रियों को क्षमता से कई गुना अधिक संख्या में बैठाकर सफर कराया जा रहा था।

घटना ने त्योहारों के दौरान यात्री बसों की जांच और ओवरलोडिंग पर परिवहन विभाग की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बसों की जांच और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई की जाए तो ऐसे हादसों को टाला जा सकता है। लोगों ने परिवहन विभाग से अभियान चलाकर क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वाली बसों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।