सागर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बोलेरो में भरी मिली 424 पाव शराब
सागर। जिले में जहरीली और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर 07 सितंबर 2026 को विभाग की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वृत्त आंतरिक सागर के ग्राम भैंसवाही, थाना सानोधा क्षेत्र में कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो वाहन क्रमांक MP 20 टी 6966 की तलाशी ली गई। वाहन से 400 पाव बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की, 16 पाव MD व्हिस्की और 08 पाव MD रम बरामद हुई। कुल मिलाकर 424 पाव विदेशी मदिरा, जिसकी मात्रा 76.32 बल्क लीटर बताई गई है, मौके से जब्त की गई।
मामले में आबकारी विभाग ने सुरेंद्र लोधी पिता रामसेवक लोधी, उम्र 32 वर्ष, निवासी रगोली, थाना सानोधा, जिला सागर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क, 34(2) एवं 49 क के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को जल्द ही न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
विभाग के अनुसार, जब्त बोलेरो वाहन और बरामद अवैध मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 60 हजार रुपये है।
वृत्त प्रभारी ने बताया कि बरामद की गई अवैध मदिरा कहां से लाई गई थी, इसके स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध एवं जहरीली शराब के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में वृत्त प्रभारी सियाराम चौधरी, आबकारी उपनिरीक्षक राजेंद्र बिलावर, मोनिका चंदेल, आबकारी मुख्य आरक्षक प्रमोद दुबे, प्रदीप दुबे, आबकारी आरक्षक शिवानी कटारिया और पुष्पा झरिया सहित अन्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








