मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर जहरीली शराब कांड में हड़कंप! 109 मरीज भर्ती, 20 पर FIR, 10 आरोपी हिरासत में

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
सागर जहरीली शराब कांड में हड़कंप! 109 मरीज भर्ती, 20 पर FIR, 10 आरोपी हिरासत में

सागर। बंडा क्षेत्र में अवैध और संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से प्रभावित मरीजों के मामले में प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। रविवार रात उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जिले में शराब दुकानों की जांच, स्टॉक की निगरानी और अवैध शराब के नेटवर्क की गहन जांच के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक को जिला पुलिस प्रशासन में कसावट लाने और नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने समीक्षा बैठक में बताया कि अवैध शराब से प्रभावित कुल 109 मरीजों का उपचार चल रहा है। इनमें 85 मरीज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं, जबकि 12 मरीज आईसीयू में हैं। जिला चिकित्सालय में 17 और बंडा सिविल अस्पताल में 7 मरीज उपचाररत हैं। एक गंभीर मरीज को एयरलिफ्ट कर एम्स भोपाल भेजा गया है। अधिकांश मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

प्रभावित मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं के साथ डायलिसिस और जांच की सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में शराब में मेथेनॉल की मिलावट सामने आने की बात कही गई है। शराब का वास्तविक स्रोत और सप्लाई नेटवर्क जांच का विषय है।

पुलिस के अनुसार बंडा थाने में BNS और मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत 20 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों पर संदिग्ध नकली एवं अवैध शराब के निर्माण, सप्लाई और बिक्री से जुड़े होने का आरोप है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर दबिश देते हुए 20 नामजद आरोपियों में से अब तक 10 आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और शराब के स्रोत तथा पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

इसके अलावा विनायका थाना क्षेत्र में भी 10 आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी मामले की विस्तृत जांच की मांग करते हुए लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग रखी।

बीएमसी के डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि मरीजों का उपचार उनकी स्थिति और लक्षणों की गंभीरता के अनुसार किया जा रहा है। प्रभावित मरीजों के अस्पताल पहुंचने की दर में कमी आई है, जबकि गंभीर मरीजों का डायलिसिस जारी है।

बैठक में सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, बंडा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, श्याम तिवारी, रानी कुशवाहा, कमिश्नर अनिल सुचारी, डीआईजी एसएस चौहान, कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →