मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में जहरीली-अवैध शराब का कहर, अब तक 11 मौतें; 35 लोग बीमार, 6 शराब दुकानें सील

By: गजेंद्र ठाकुर
Sponsor Ad
सागर में जहरीली-अवैध शराब का कहर, अब तक 11 मौतें; 35 लोग बीमार, 6 शराब दुकानें सील

चार गांवों में शराब पीने के बाद बिगड़ी लोगों की तबीयत, 6 शराब दुकानें सील, प्रशासन ने घर-घर स्क्रीनिंग शुरू की

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली-अवैध शराब के सेवन से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद करीब 35 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। इनमें कुछ मरीजों की स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या आगे और बढ़ सकती है।

कांग्रेस नेता उमंग सिंघार का ट्विट x

अस्पताल पहुंचाए गए मरीजों की स्थिति देखकर डॉक्टर भी सकते में आ गए। चिकित्सकों के मुताबिक कई मरीजों के शरीर का रंग नीला पड़ गया था और उनमें अकड़न की शिकायत थी। घटना सामने आने के बाद प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। शराब का सेवन करने वाले लोगों की पहचान कर उनकी स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है।

कलेक्टर ने 24 से 48 घंटे के भीतर शराब पीने वालों से जांच कराने की अपील की

सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है या उनमें जहरीली शराब से जुड़े लक्षण दिखाई दे रहे हैं, वे बिना देर किए अपनी स्क्रीनिंग कराएं।

कलेक्टर के मुताबिक लोग स्थानीय डॉक्टरों की टीम से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर भी अपनी जांच करा सकते हैं।

6 शराब दुकानें सील, सैंपल लेने के निर्देश

घटना में कई लोगों की मौत के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में संचालित छह शराब दुकानों को एहतियातन सील कर दिया गया है। इन दुकानों से शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

शनिवार रात शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

बताया जा रहा है कि शनिवार रात घूघर, नौराज, बराज और आसपास के इलाकों में रहने वाले कुछ लोगों ने शराब पी थी। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कुछ लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मामले में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रहे हैं।

कलेक्टर बोलीं- चिकित्सा दल लगातार कर रहे निगरानी

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि सभी मामलों पर चिकित्सा दल लगातार नजर बनाए हुए हैं। मरीजों की स्थिति के अनुसार आवश्यक मेडिकल और प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।

बताया गया है कि मृतकों में चार गांवों के लोग शामिल हैं। शराब के सेवन के बाद हुई मौतों के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रभावित लोगों के इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए सिविल अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। घटना से प्रभावित प्रमुख क्षेत्रों में डॉक्टरों और SDM की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं।

मृतक के भाई ने बताया- आधे घंटे में तोड़ दिया दम

बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी के चचेरे भाई की भी इस घटना में मौत हुई है। रामकुमार दांगी के अनुसार उनके गांव में चार लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पहले दिन एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि अगले दिन तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।

रामकुमार ने बताया कि तीन लोगों ने एक साथ शराब पी थी। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और शरीर ठंडा पड़ने लगा। उनके मुताबिक करीब आधे घंटे के भीतर ही तीनों की मौत हो गई।

कमिश्नर, IG, कलेक्टर और SP ने गांवों का दौरा किया

घटना के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिल रहे उपचार और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

अधिकारियों ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शुरुआती तौर पर एहतियात के रूप में क्षेत्र की छह शराब दुकानों को सील किया गया है और तत्काल सैंपलिंग कराने को कहा गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शराब पीने के बाद यदि किसी व्यक्ति को उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य परेशानी महसूस हो रही है तो वह इसे नजरअंदाज न करे और एहतियात के तौर पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराए।

इन लोगों की हुई मौत

  • गोलू उर्फ चमन लोधी, पिता साहब सिंह — ग्राम गूगरा खुर्द — उम्र 45 वर्ष

  • दिग्विजय, पिता देवेंद्र लोधी — ग्राम नौराज — उम्र 28 वर्ष

  • करतार सिंह, पिता जोधन लोधी — ग्राम नौराज — उम्र 30 वर्ष

  • उजयार सिंह, पिता विजय सिंह लोधी — ग्राम गूगरा खुर्द — उम्र 56 वर्ष

  • रोशन लोधी, पिता जगन्नाथ — ग्राम पाटन, थाना विनायका — उम्र 30 वर्ष

  • राजेंद्र, पिता मूरत लोधी — ग्राम नौराज, गूगरा — उम्र 32 वर्ष

  • हरनाम, पिता घनश्याम राय — ग्राम चौका — उम्र 42 वर्ष

  • उत्तम नत्थू नायक — ग्राम दलपतपुर — उम्र 42 वर्ष

  • सुमेर सिंह दांगी, पिता पूरन — ग्राम बमूरा — उम्र 47 वर्ष

  • राजकुमार लोधी, पिता नन्नई लोधी — ग्राम बमूरा — उम्र 47 वर्ष

  • सुरेंद्र अहिरवार, पिता शुखलाल — ग्राम लिधौरा — उम्र 35 वर्ष

BMC रेफर किए गए मरीज

  • धनसिंह, पिता पद्म आदिवासी — ग्राम हिनौता — उम्र 30 वर्ष

  • मख्खन, पिता अनरथ — ग्राम गूगरा

  • मंगल रजक, पिता अनरथ रजक — ग्राम गूगरा खुर्द — उम्र 40 वर्ष

  • परम आदिवासी, पिता रणसिंह आदिवासी — ग्राम हिनौता

  • चंद्राभान, पिता भगुंत लोधी — ग्राम नौराज — उम्र 48 वर्ष

  • अजय, पिता नत्थू लोधी — ग्राम नौराज — उम्र 30 वर्ष

  • विनोद, पिता कलू — ग्राम गूगरा — उम्र 50 वर्ष

  • राघवेंद्र, पिता किशोर लोधी — ग्राम नौराज — उम्र 32 वर्ष

बता दें यूपी की ललितपुर कोतवाली पुलिस ने 4 मई 2026 को पकड़ा था कथित नकली शराब का रैकेट, पूछताछ में सागर सहित मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर सप्लाई की बात आई थी सामने; अब बंडा शराब मौत मामले में भी UP कनेक्शन की जानकारी सामने आ रही हैं, सागर में शराब पीने के बाद हुई मौतों के बीच उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जुड़ा एक पुराना मामला अब महत्वपूर्ण हो गया है। ललितपुर की कोतवाली पुलिस ने 4 मई 2026 को नकली शराब बनाने और मध्य प्रदेश में सप्लाई करने वाले एक कथित रैकेट को पकड़ा था। पूछताछ में आरोपियों ने सागर जिले सहित मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शराब पहुंचाने की बात बताई थी। इसमें नकली रैपर, ढक्कन और QR कोड लगाकर शराब को तैयार करने की बात कही गई है।

दस्तावेज के मुताबिक कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों ने बांदरी-सागर, बड़ोदिया-सागर और पलेथनी-सागर सहित मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर सरकारी ठेके की दुकानों तक कम कीमत में शराब सप्लाई करने की बात बताई थी। ललितपुर के नदनवारा क्षेत्र का भी उल्लेख दस्तावेज में है।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →