नर्मदा स्नान करने जा रहे ग्रामीणों की कार को ट्रक ने मारी भीषण टक्कर, 4 की मौत, 5 गंभीर घायल
नेशनल हाईवे-44 पर गोपालपुरा के पास रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, कार के उड़े परखच्चे, टक्कर के बाद ट्रक चालक फरार
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे-44 पर एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

अमावस्या पर नर्मदा स्नान की आस्था बनी मातम की वजह
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग अमावस्या के अवसर पर बरमान में मां नर्मदा के दर्शन और स्नान करने जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनकी कार गोपालपुरा के पास पहुंची, तभी सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का उपचार जारी है।

मृतकों में माखन यादव निवासी बिलहरी, संतोष तिवारी निवासी महागोद, नीरज मिश्रा निवासी रामनगर भैंसा और सुभाष नगर मोतीनगर निवासी एक व्यक्ति शामिल बताए गए हैं, जिनकी पहचान की पुष्टि होना शेष है।
घायलों में अनिकेत शर्मा निवासी भैंसा, देवेंद्र सेन निवासी नरयावली, राहुल नामदेव निवासी पूर्वयाऊ टोरी, रामगोपाल निवासी बांदरी और प्रहलाद विश्वकर्मा निवासी रामनगर शामिल हैं।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की भयावहता ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।








