मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

लाखा बंजारा झील के रखरखाव में लापरवाही पर कलेक्टर नाराज, जिम्मेदार कर्मचारियों को हटाने के निर्देश

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
लाखा बंजारा झील के रखरखाव में लापरवाही पर कलेक्टर नाराज, जिम्मेदार कर्मचारियों को हटाने के निर्देश

दिलीप कुमार यादव ने सुबह पैदल घूमकर पूरे झील क्षेत्र का किया निरीक्षण, सफाई और निगरानी के लिए अलग टीम बनाने को कहा; कचरा फैलाने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई

सागर। लाखा बंजारा झील की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने में लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर एवं सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अध्यक्ष श्री दिलीप कुमार यादव ने नाराजगी जताई। बुधवार सुबह उन्होंने झील की पूरी पेरीफेरी का पैदल निरीक्षण किया और रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रही निर्माण एजेंसी को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को हटाकर झील की देखरेख के लिए अलग और स्थायी टीम तैनात करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त, कार्यकारी निदेशक एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री राजकुमार खत्री, नगर निगम उपायुक्त श्री एसएस बघेल, स्मार्ट सिटी के इंजीनियर, अन्य कर्मचारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कलेक्टर श्री यादव ने संजय ड्राइव रोड स्थित झील के मुख्य प्रवेश द्वार से निरीक्षण शुरू किया। इसके बाद वे पाथ-वे से होते हुए वॉटर स्पोर्ट्स एरिया, योगा डेक, चिल्ड्रन्स प्ले एरिया, पार्क, प्लांटेशन, ओपन जिम, फूड कोर्ट, मार्वल एरिया, मोंगा बधान और वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र पहुंचे। यहां से गंगा मंदिर, गणेश घाट, चकराघाट और किले की ओर से होते हुए दीनदयाल चौक ब्रिज तक उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान कई जगह सफाई और रखरखाव में कमियां मिलने पर उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ वहां तैनात सुरक्षा गार्ड, गार्डनर और सफाईकर्मियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि झील के किसी एक हिस्से की सफाई कर देना पर्याप्त नहीं है। पूरे क्षेत्र का हर कोना साफ और व्यवस्थित नजर आना चाहिए।

कलेक्टर ने झील की स्टोन पिचिंग, पानी में उगे अनावश्यक पौधों और प्लांटेशन एरिया का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने खरपतवार और सूलबबूल जैसे पौधों को हटाने, टूटे हुए हिस्सों की मरम्मत कराने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झील परिसर में प्लास्टिक, पॉलीथिन, डिस्पोजल या किसी भी तरह का कचरा दिखाई नहीं देना चाहिए।

झील की देखरेख के लिए बनेगी स्थायी टीम

कलेक्टर ने मौजूदा रखरखाव व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए कहा कि वर्तमान टीम अपेक्षित जिम्मेदारी से काम नहीं कर रही है। इसे बदलकर एक सुपरवाइजर, सफाईकर्मी, गार्डनर और सुरक्षा गार्डों की समर्पित टीम बनाई जाए। यह टीम स्थायी रूप से झील की देखरेख करेगी और सफाई से लेकर सुरक्षा तक की जिम्मेदारी संभालेगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि झील के आसपास लगे पौधों की नियमित कटाई-छंटाई और सिंचाई की जाए। कहीं भी कचरा नजर आने पर उसे तत्काल उठाकर कचरा गाड़ी में डाला जाए। कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी स्थान पर पहले से कचरा पड़ा रहता है तो लोग वहां और कचरा डालने लगते हैं। इसलिए कचरे को जमा होने से पहले ही हटाना जरूरी है। आसपास रहने वाले लोगों को भी कचरा निर्धारित कचरा गाड़ी में डालने के लिए जागरूक किया जाए।

मॉर्निंग वॉक करने वालों से भी की चर्चा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सुबह झील किनारे ओपन जिम और योगाभ्यास कर रहे स्थानीय नागरिकों से बातचीत की। उन्होंने लोगों से यहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने नागरिकों से कहा कि लाखा बंजारा झील सागर की ऐतिहासिक धरोहर होने के साथ ही अब लोगों के घूमने-फिरने, मॉर्निंग और इवनिंग वॉक तथा मनोरंजन का प्रमुख स्थान भी है। इसे साफ और सुरक्षित बनाए रखने में आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से खाद्य सामग्री के खाली पैकेट, प्लास्टिक की बोतलें और अन्य कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालने की अपील की।

मछुआरा संघ को भी सफाई की जिम्मेदारी समझाई

गंगा मंदिर के आसपास और पाथ-वे के किनारे प्लास्टिक की पन्नियां व कचरा मिलने पर कलेक्टर ने मछुआरा संघ के सदस्यों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनकी आजीविका जुड़ी हुई है, इसलिए इसकी स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भी जिम्मेदारी है। उन्होंने तत्काल गंदगी साफ कराने और भविष्य में खुद कचरा नहीं फैलाने के साथ दूसरों को भी ऐसा करने से रोकने को कहा।

कलेक्टर ने नगर निगम प्रशासन को झील की बाहरी सीमा से लगे घरों और निजी भूमि की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो लोग घरों या अन्य स्थानों का कचरा इकट्ठा कर झील के अंदरूनी अथवा बाहरी किनारों पर डालते हैं, उनके खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही झील की पेरीफेरी में डस्टबिन की संख्या बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने के लिए जरूरी सूचना वाले बोर्ड लगाने को कहा। उन्होंने आईईसी गतिविधियों के माध्यम से भी नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि लाखा बंजारा झील का पूरा क्षेत्र साफ, सुंदर और व्यवस्थित बना रहे तथा इसकी स्वच्छता भविष्य में भी कायम रखी जा सके।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →