खेल परिसर में खेल उत्सव के रूप में मनाया राष्ट्रीय खेल दिवस, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
सागर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेल परिसर सागर में खेल उत्सव का आयोजन किया गया। हॉकी टर्फ मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
खेल उत्सव की शुरुआत 28 अगस्त को विभाग में संचालित हॉकी फीडर सेंटर एवं खेलो इंडिया हॉकी स्मॉल सेंटर के बालक-बालिका खिलाड़ियों के बीच हॉकी मैच से हुई। इसके बाद खेल परिसर में संचालित अन्य खेलों के खिलाड़ियों के बीच भी मैत्री मैच आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एडवोकेट वीनू राणा, संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी शर्मिला डाबर, जिला हॉकी संघ सागर के सचिव मकसूद खान सहित विभागीय प्रशिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अतिथियों और खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में विभागीय प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और जिला हॉकी संघ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी शर्मिला डाबर ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।


