कम जलस्तर के बीच किसानों को फसल चयन की सलाह, कम पानी में बेहतर पैदावार देने वाली किस्में अपनाने की अपील
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक, चना, मसूर और गेहूं की उन्नत किस्मों की दी गई जानकारी
सागर। जिले में इस वर्ष कम बारिश के चलते अधिकांश जलाशयों में पानी का स्तर सामान्य से नीचे बना हुआ है। ऐसे में आगामी फसल सीजन को देखते हुए किसानों को उपलब्ध सिंचाई संसाधनों के अनुरूप फसलों का चयन करने की सलाह दी गई है। कम पानी में अच्छी पैदावार देने वाली उन्नत किस्मों को अपनाकर किसान सीमित जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सकते हैं।
इस संबंध में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की अध्यक्षता में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक बंडा श्री वीरेन्द्र सिंह लम्बरदार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवेन्द्र सिंह ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में जल संसाधन विभाग सागर के कार्यपालन यंत्री एवं समिति सचिव श्री अभिनव सिंह ने जिले के जलाशयों की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष अल्प वर्षा के कारण अधिकांश जलाशयों में अपेक्षा से कम पानी जमा हुआ है। इसे देखते हुए किसानों को ऐसी फसलें लगाने की सलाह दी गई है, जिनमें सिंचाई के लिए कम पानी की जरूरत होती है।
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने उप संचालक कृषि राजेश त्रिपाठी को निर्देशित किया कि कम पानी में तैयार होने वाली फसलों और उनकी उन्नत किस्मों की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाई जाए, जिससे उपलब्ध पानी का उपयोग जरूरत के अनुसार किया जा सके।
वहीं, उप संचालक कृषि श्री राजेश त्रिपाठी ने जिले के किसानों से कहा है कि चना, मसूर और सरसों सहित अन्य फसलों के उन्नत किस्मों के बीज संबंधित विकासखंडों में उपलब्ध हैं। किसान एमपी किसान एप पर पंजीयन कराने के बाद नियमानुसार अपने विकासखंड कार्यालय में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से बीज प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने चने की उन्नत किस्मों की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों के लिए जे.जी. 36, जे.जी. 24, जे.जी. 12, आर.वी.जी. 202, आर.वी.जी. 203 और आर.वी.जी. 204 किस्में उपलब्ध हैं। इसी तरह मसूर की खेती के लिए एल. 4717, एल. 4729, आईपीएल 534, कोटा-3 और कोटा-4 किस्मों का चयन किया जा सकता है।
गेहूं की बुवाई को लेकर भी सिंचाई की उपलब्धता के अनुसार किस्में सुझाई गई हैं। जिन किसानों के पास एक से दो बार सिंचाई करने की सुविधा है, वे सी-306, लोक-1, एचआई-1655 और एचआई-1636 जैसी कम पानी में तैयार होने वाली किस्में लगा सकते हैं। तीन बार सिंचाई की व्यवस्था रखने वाले किसान एचआई-1650 और एचआई-1544 किस्मों को अपना सकते हैं।
वहीं, जिन किसानों के पास चार या उससे अधिक बार सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध है, उन्हें जीडब्ल्यू-322 और डीबीडब्ल्यू-303 किस्मों की बुवाई करने की सलाह कृषि वैज्ञानिकों ने दी है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी सिंचाई क्षमता को ध्यान में रखते हुए ही फसलों और उनकी किस्मों का चुनाव करें।








