जिपा सीईओ विवेक के. व्ही. को भावभीनी विदाई, सीईओ जगदीश कुमार गोमे का हुआ आत्मीय स्वागत
सागर। जिला पंचायत सागर के निवर्तमान मुख्य कार्यपालन अधिकारी (आईएएस) विवेक के. व्ही. का स्थानांतरण होने पर एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (आईएएस) जगदीश कुमार गोमे का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने विवेक के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए नए सीईओ का अभिनंदन किया।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने निवर्तमान सीईओ की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री विवेक दायित्वों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से निभाते हैं, जिससे जिले में योजनाओं का संचालन सुचारू रूप से संभव हो सका। पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया ने जनविश्वास अभियान के दौरान उनकी सूक्ष्म योजना और कुशल प्रबंधन का उल्लेख किया। वहीं संयुक्त आयुक्त विकास पी.सी. शर्मा ने बताया कि श्री विवेक के कार्यकाल में सागर जिला ग्रामीण विकास और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निवारण में अग्रणी रहा है।
अपने विदाई संबोधन में श्री विवेक के. व्ही. ने कहा कि सागर में मिली सफलता पूरी टीम के सामूहिक प्रयास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए शासकीय सेवा के साथ-साथ स्वास्थ्य व परिवार के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नवागत सीईओ जगदीश कुमार गोमे को शुभकामनाएं दी गईं और उम्मीद जताई गई कि उनके नेतृत्व में जिला पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। इस आयोजन में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, जनपद सीईओ सहित और जिला पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।








