जहरीली शराब कांड का नया संकट: 70-80 मरीजों की आंखों की रोशनी प्रभावित, 6-7 सप्ताह में सुधार की उम्मीद
बंडा। जहरीली शराब कांड में मौतों के बाद अब पीड़ित मरीजों के सामने आंखों की रोशनी प्रभावित होने का गंभीर संकट सामने आया है। मिथाइल एल्कोहल के सेवन से करीब 70 से 80 मरीजों की दृष्टि प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। इस नई स्वास्थ्य जटिलता ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि प्रभावित मरीजों के उपचार को लेकर एम्स के चिकित्सकों से सलाह ली गई है। चिकित्सकों ने इसे टॉक्सिक इंड्यूस्ड ऑप्टिक से संबंधित समस्या बताया है। विशेषज्ञों के अनुसार कुछ मरीजों में उपचार के बाद 6 से 7 सप्ताह के भीतर दृष्टि में सुधार की संभावना रहती है।
अस्पताल में अब सिर्फ 5 मरीज भर्ती
प्रशासन के अनुसार जहरीली शराब के सेवन से बीमार हुए मरीजों में से अब केवल 5 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर अन्य मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
20 मौतों के बाद अब आंखों की रोशनी का संकट
बंडा जहरीली शराब कांड में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। मौतों के बाद अब बड़ी संख्या में मरीजों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की जानकारी ने इस त्रासदी की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। प्रभावित मरीजों की स्थिति और उपचार पर स्वास्थ्य विभाग की नजर बनी हुई है।








