‘मोहन यादव वापस जाओ’ के नारों से गूंजा मकरोनिया चौराहा, कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम तहसीलदार को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन
सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों और बड़ी संख्या में लोगों के अस्पतालों में उपचाररत होने की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सागर आगमन के दौरान कांग्रेसजनों ने मकरोनिया चौराहे पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मकरोनिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मकरोनिया के अध्यक्ष देवेंद्र कुर्मी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘मोहन यादव वापस जाओ’ के नारे लगाए, जिससे मकरोनिया चौराहा गूंज उठा।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में बंडा जहरीली शराब कांड के साथ ही जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने की मांग की गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा घोषित ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति और निर्देशों का सागर जिले में प्रभावी तरीके से पालन नहीं कराया गया।
कांग्रेस ने इस मामले में दोषी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सागर को तत्काल हटाने तथा पूरे प्रकरण की स्वतंत्र न्यायिक एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी। इसके साथ ही दोषियों पर कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवारों को न्याय और आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग भी की गई।
पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बंडा जहरीली शराब कांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें ढांढस देने और शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मुख्यमंत्री के पास दो मिनट का समय भी नहीं होना सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की।
चौधरी ने कहा कि बंडा की घटना बेहद गंभीर और हृदयविदारक है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जहरीली शराब का कारोबार किन परिस्थितियों में चल रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी पूरी तह तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र न्यायिक एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने के साथ जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
मकरोनिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र कुर्मी ने कहा कि बंडा की घटना ने शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब के कारण लोगों की मौत को सामान्य घटना नहीं माना जा सकता और इस मामले में जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के अध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि बंडा जहरीली शराब कांड को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। उन्होंने सरकार से घटना को गंभीरता से लेने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार को संरक्षण देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान सेवादल के प्रदेश महामंत्री विजय साहू, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आरआर पारासर, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप चौधरी, जिला कांग्रेस सचिव पुरुषोत्तम शिल्पी, मनोज राय, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अक्षय कुमार दुबे, ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह चावड़ा, युवा कांग्रेस नरयावली के अध्यक्ष रोहित वर्मा, पार्षद सीमा कमल चौधरी, अशोक कुशवाहा, संजय रोहिदास, आनन्द तोमर, अवदेश तोमर, आनन्द सोलंकी, जय पारासर, विजय पारासर, कोमल सिंह, हरगोविंद कुर्मी, मोतीलाल पटैल, राजा बुन्देला, कमल चौधरी, साहित्य पांडेय, दुर्गेश अहिरवार, पप्पू सेन, प्रेम लाल अहिरवार, सुभाष रोहित, सुदीप पटैरिया, सत्यम सिंह चौधरी, मदन सेन, राकेश रजक, विशाल बाबू, राजेन्द्र साहनी, सहेन्द्र राठौर, गणेश ठाकुर, रेवाराम रजक, अजय बमदेले, गुड्डू रैकवार, सत्यम जैन, कपूर अहिरवार, रघुनाथ अहिरवार, छोटे लाल, संतोष रजक, अवदेश पटेरिया, पुरुषोत्तम लाल, गोलन अहिरवार, कमल रजक और हेमराज अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








