मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

19 साल की युवती को कार में बैठाकर ले गए दो युवक, परिजन पहुंचे थाने तो दर्ज हुआ अपहरण का केस; कुछ घंटे बाद वीडियो भेजकर बोली- “मैं अपनी मर्जी से आई हूं”

By: गजेंद्र ठाकुर•
Sponsor Ad
19 साल की युवती को कार में बैठाकर ले गए दो युवक, परिजन पहुंचे थाने तो दर्ज हुआ अपहरण का केस; कुछ घंटे बाद वीडियो भेजकर बोली- “मैं अपनी मर्जी से आई हूं”

CCTV में युवती को कार में बैठाते दिखे युवक, पुलिस ने जांच के लिए बनाई टीमें; वीडियो में युवक ने 4 साल से बातचीत और शादी की बात कही

उज्जैन के लालबाई-फूलबाई इलाके में मंगलवार रात 19 वर्षीय युवती को कार में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटना के बाद अलग-अलग टीमें भी गठित कीं। हालांकि, वारदात के कुछ घंटे बाद युवती ने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर परिजन को भेजा, जिसमें उसने कहा कि वह अपनी इच्छा से युवकों के साथ गई है और दो-तीन दिन में वापस लौट आएगी।

घटना से जुड़ा एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें दो युवक युवती को कार में बैठाते हुए नजर आ रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, युवती मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बिना नंबर की काली कार वहां पहुंची। कार से दो युवक उतरे और युवती को कथित तौर पर खींचकर गाड़ी में बैठाने के बाद वहां से निकल गए। आसपास लगे CCTV कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।

टीआई ने कहा- अज्ञात आरोपियों पर दर्ज किया केस

टीआई प्रतीक शर्मा ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान उर्दूपुरा निवासी ध्रुव कुमावत का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय ध्रुव के साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। ध्रुव का मोबाइल फिलहाल बंद है और पुलिस उसकी लोकेशन व अन्य जानकारी ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।

CCTV फुटेज और आरोपियों की तलाश में जुटी टीमें

युवती और दोनों युवकों का पता लगाने के लिए पुलिस ने कई टीमों को लगाया है। एक टीम आरोपियों और इस्तेमाल की गई कार की तलाश कर रही है, जबकि दूसरी टीम उन रास्तों के CCTV फुटेज की जांच कर रही है, जहां से कार के गुजरने की संभावना है।

टीआई प्रतीक शर्मा के मुताबिक, आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वीडियो में युवती ने कहा- मैं अपनी मर्जी से गई हूं

परिजन को भेजे गए वीडियो में युवती के साथ ध्रुव भी नजर आ रहा है। वीडियो में ध्रुव कहता है कि वह युवती से पिछले चार साल से बातचीत कर रहा है। उसका कहना है कि दोनों अपनी इच्छा से घर से निकले हैं और उनके परिवार वालों पर किसी तरह का दबाव न बनाया जाए।

वहीं युवती भी वीडियो में कहती है कि वह अपनी मर्जी से कार में बैठकर गई थी। उसने वीडियो में अपनी उम्र भी बताई है। युवक और युवती ने शादी करने की बात भी कही है।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

गजेंद्र ठाकुर

By: गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।

61,87,654 +
Total Visitors

अन्य संबंधित और ताज़ा ख़बरें

सभी समाचार देखें →