सागर: उत्पीड़न शिकायत की जांच के बीच प्रो. भारद्वाज हटाए गए विभागाध्यक्ष पद से

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय में भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद भारद्वाज से विभागाध्यक्ष का प्रभार वापस ले लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय महिला शोधार्थियों द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों की जांच के दौरान लिया है। कुलसचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रो. भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से विभागाध्यक्ष का प्रभार विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता (डीन) को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने तथा जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसलिए यह अंतरिम प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इसे किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई या आरोपों के अंतिम निर्धारण के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

इस बीच छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी प्रो. भारद्वाज के खिलाफ प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही व्हिसलब्लोअर अध्यक्ष अरविंद महर ने मामले की शिकायत महिला आयोग, शिक्षा मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) तक भेजने की जानकारी दी है।

विश्वविद्यालय के आदेश के अनुसार जांच पूरी होने अथवा अगले आदेश तक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता भूगोल विभागाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे और विभाग के प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here