स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण
एनसीसी कैडेट्स ने लिया पर्यावरण संरक्षण एवं रोपे गए पौधों की देखभाल का संकल्प
सागर (मध्य प्रदेश)। स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, सिरोंजा, सागर के प्रांगण में विश्वविद्यालय की 11 एमपी बटालियन एनसीसी इकाई द्वारा “वृक्षारोपण पखवाड़ा” के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “वन कैडेट, वन ट्री” की भावना के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
इस अवसर पर डॉ. अनिल तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। “एक पेड़ माँ के नाम” जैसे अभियान युवाओं को प्रकृति से जोड़ने के साथ उनमें पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करते हैं।
डॉ. प्रतिभा तिवारी ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का संबंध अटूट है। वृक्ष हमें स्वच्छ वायु, छाया और जीवनदायी संसाधन प्रदान करने के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी नियमित सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा रोपे गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लिया। कैडेट्स को वृक्षों के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका के संबंध में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से “एक पेड़ माँ के नाम” की भावना को साकार करते हुए यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति द्वारा लगाया और संरक्षित किया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान बन सकता है।
पौधारोपण कार्यक्रम ने एनसीसी कैडेट्स सहित उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम में डॉ. अनिल तिवारी, प्रबंध निदेशक, स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय डॉ. प्रतिभा तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय स्त्री शक्ति, मध्य प्रदेशय कैप्टन पी. के. दत्ता (सेवानिवृत्त), प्रशासनिक अधिकारी तथा लेफ्टिनेंट ए. के. सिंह, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने एनसीसी कैडेट्स के साथ विश्वविद्यालय परिसर में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


