जिला न्यायालय सागर में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 425 लोगों की हुई जांच
सागर। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर के अध्यक्ष एम.के. शर्मा के मार्गदर्शन में “उल्लास एक अभिनव प्रयोग” के अंतर्गत जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर भवन में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एम.के. शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय अखिलेश मिश्र, विशेष न्यायाधीश विवेक सिंह रघुवंशी, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. पी.एस. ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. जयंत जैन, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राजपूत, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित श्रीवास्तव, जिला विधिक सहायता अधिकारी दिव्या भलावी सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रधान जिला न्यायाधीश एम.के. शर्मा ने कहा कि “उल्लास एक अभिनव प्रयोग” का उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही प्रभावी न्यायिक व्यवस्था की आधारशिला हैं।
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. पी.एस. ठाकुर ने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समय पर की गई जांच गंभीर बीमारियों की रोकथाम में सहायक होती है।
शिविर में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय सागर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नेत्र, अस्थि, स्त्री रोग, ईएनटी, मेडिसिन, मधुमेह एवं हृदय रोग सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की। शिविर में लगभग 425 न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम के अंत में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी दिव्या भलावी ने किया।


