अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर क्रांति गोड का सागर पुलिस ने किया सम्मान, युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
सागर। “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस ऑफिसर मेस, सागर में आयोजित प्रेरणादायी कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गोड का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन मिथिलेश कुमार शुक्ला, पुलिस उप महानिरीक्षक शशीन्द्र चौहान, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदोरिया एवं नरेंद्र सोलंकी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी और 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में क्रांति गोड का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने संघर्ष, अनुशासन और निरंतर मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर युवा अपने जीवन का लक्ष्य तय कर उसे पाने के लिए लगातार प्रयास करे। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों के सामने आदर्श व्यवहार अपनाने का आग्रह किया।
आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला ने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना पूरे सागर जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि क्रांति गोड का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह साबित करता है कि दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
डीआईजी शशीन्द्र चौहान ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, संयम और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
एसपी अनुराग सुजानिया ने क्रांति गोड की सादगी और विनम्रता की सराहना करते हुए कहा कि इतनी बड़ी उपलब्धियों के बावजूद उनका सहज व्यवहार सभी के लिए प्रेरणादायी है।
इस दौरान क्रांति गोड ने अपने क्रिकेट करियर के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की ऐतिहासिक जीत उनके जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक रही। साथ ही उन्होंने उस गौरवपूर्ण उपलब्धि का भी उल्लेख किया, जब लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित पवेलियन में पहली भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी के रूप में उनका चित्र स्थापित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने क्रांति गोड का अभिनंदन किया और “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


