बीएमसी के वार्ड स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, दो-तीन दिन तक किसी को नहीं लगी भनक
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्थि रोग वार्ड क्रमांक-14 के स्टोर रूम से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। सूचना पर गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड में भर्ती मरीजों ने स्टोर रूम की ओर से तेज दुर्गंध आने की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की थी। इसके बाद अस्पताल का स्टाफ मौके पर पहुंचा और संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने स्टोर रूम का दरवाजा खुलवाया तो अंदर एक पुरुष का शव पड़ा मिला।
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि शव की पहचान अभी नहीं हो सकी है। यह पता लगाया जा रहा है कि मृतक अस्पताल का मरीज था, किसी मरीज का परिजन था या कोई अन्य व्यक्ति। उन्होंने बताया कि स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद था और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
बीएमसी अधीक्षक डॉ. राजेश जैन ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र चौबे ने बताया कि फिलहाल शव की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मृतक मरीज था या कोई अन्य व्यक्ति।
यह घटना अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि शव वास्तव में दो-तीन दिन से स्टोर रूम में पड़ा था, तो नियमित निरीक्षण, वार्ड मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी कर्मचारियों के माध्यम से नहीं, बल्कि दुर्गंध से परेशान मरीजों की शिकायत के बाद मिली। ऐसे में जांच केवल मौत के कारणों तक सीमित न रहकर यह भी तय करे कि इतनी बड़ी चूक के लिए जिम्मेदार कौन है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस व्यवस्था की जाएगी।


