चलती बस में कॉलेज छात्रा से कथित छेड़छाड़, शिकायत पर केस दर्ज
सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र में चलती बस में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर छात्रा के पिता के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज कर दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी गई है।
पूरे मामले…
सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ चलती बस में कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत के आधार पर छात्रा के पिता के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा दांतों का इलाज कराने सागर आई थी। इलाज के बाद वह शाम करीब 5:30 बजे बस से बंडा लौट रही थी। आरोप है कि यात्रा के दौरान उसके बगल में बैठे युवक ने उसके साथ अशोभनीय हरकत की। छात्रा ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोपी कथित तौर पर अपनी हरकतें करता रहा।
घटना से घबराई छात्रा ने तत्काल अपने पिता को फोन कर पूरी जानकारी दी। जब बस बंडा बस स्टैंड पहुंची, तो आरोपी बस से उतरकर फरार हो गया।
घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर बंडा थाने पहुंचे, जहां आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, दूसरे पक्ष की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने छात्रा के पिता के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
जांच अधिकारी के अनुसार, बस में मौजूद यात्रियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


