बस में कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, मामला दर्ज; छात्रा के पिता पर भी क्रॉस केस

0

 बस में कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, मामला दर्ज; छात्रा के पिता पर भी क्रॉस केस

सागर। जिले के बंडा थाना क्षेत्र में बालाजी ट्रेवल्स की बस में एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर बंडा पुलिस ने आरोपी ऋषिकांत अग्रवाल निवासी वार्ड क्रमांक 8, पोस्ट ऑफिस गली, बंडा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार छात्रा दांतों का इलाज कराने सागर आई थी। उपचार के बाद वह शाम करीब 5:30 बजे बालाजी ट्रेवल्स की बस से बंडा लौट रही थी। आरोप है कि यात्रा के दौरान उसके बगल में बैठे आरोपी ने उसके साथ अनुचित हरकत की। छात्रा द्वारा विरोध करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकत से बाज नहीं आया। इसके बाद छात्रा ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।

बताया गया कि बस के बंडा बस स्टैंड पहुंचने पर आरोपी बस से उतरकर चला गया। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद बंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विवेचना की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक आशा हजारी को सौंपी गई है।

वहीं, इस मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। बंडा पुलिस ने आरोपी पक्ष की शिकायत पर छात्रा के पिता के खिलाफ मारपीट का प्रकरण भी दर्ज किया है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here