सो रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार, शराबी पति ने की हत्या; चार बच्चों को छोड़ आरोपी फरार
सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गेंहूरास चौराहा मंडी के पास देर रात एक शराबी पति ने घर में सो रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पूरा मामला…..
सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के गेंहूरास चौराहा मंडी के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। आरोप है कि शराब के नशे में धुत पति ने घर में सो रही अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोहर सेन (45) सैलून की दुकान चलाता है और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। उसकी पत्नी रश्मि सेन (40) रात में घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के समय घर में मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पड़ोसियों की सूचना पर जैसीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई है। मां की हत्या के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल जैसीनगर थाना पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


