सागर के कैंट थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म
सागर जिले के कैंट थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि परिचित महिला के पति ने उसे बहाने से घर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
परिचित महिला के घर आता-जाता था पीड़िता का संपर्क
पुलिस के अनुसार, किशोरी ने गुरुवार को कैंट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह अपने परिवार के साथ नहीं रहती और शहर में भीख मांगकर अपना गुजारा करती है। कुछ समय पहले उसकी पहचान कंचन नाम की महिला से हुई थी। इसके बाद उसका महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया और वह एक-दो बार वहां रुक भी चुकी थी।
रेलवे स्टेशन से घर ले जाकर वारदात का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 7 जुलाई की रात करीब 12 बजे वह रेलवे स्टेशन के पास थी। इसी दौरान कंचन का पति मुकेश वहां पहुंचा और कहा कि उसकी पत्नी उसे बुला रही है। भरोसा कर वह उसके साथ घर चली गई।
पीड़िता का आरोप है कि घर पहुंचने पर वहां कोई नहीं था। आरोपी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वारदात के बाद आरोपी ने किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
कैंट थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


