नल-जल योजनाओं में अब नहीं चलेगी देरी, कलेक्टर बोलीं—3 महीने में करें हैंडओवर

0

नल-जल योजनाओं में अब नहीं चलेगी देरी, कलेक्टर बोलीं—3 महीने में करें हैंडओवर

सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में पूर्ण नल—जल योजनाओं को तीन महीने में हैण्डओवर करने, हैण्डओवर की गई योजनाओं के परिचालन के लिए शुल्क वसूल करने, बची हुई योजनाओं में तेजी से पाईप लाइन बिछाने एवं  रोड रेस्टोरेशन का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती पाल ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम सहित जल योजनाओं के निर्माण में संलग्न ऐजेंसियों के अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्रीमती  प्रतिभा पाल ने कहा कि पूर्ण हो चुकी नलजल योजनाओं को पंचायतों को शीघ्रता से हैण्डओवर की कार्यवाही पूरी करें ताकि आमजन को शीघ्रता से जल मिलना शुरू हो जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में संयुक्त भ्रमण में जो कमियाँ मिली हैं ऐसी कमियों को तेजी से सुधार कर उन्हें हैण्डओवर की स्टेज तक लाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के हैण्डओवर के लिए मासिक शेड्यूल बनाएं और शेड्यूल के अनुसार हैण्डओवर की कार्यवाही करें।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का रेस्टोरेशन कार्य समय सीमा में किया जाए, ताकि सड़कें यथास्थिति में वापस आ सकें।  योजनाओं के अंतर्गत कनेक्शन तेजी से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रीचार्ज पिट के निर्माण की स्थिति की निगरानी भारसाधक अधिकारी व्यक्तिगत रूप से करें। कलेक्टर ने सानौधा 1 और 2 समूह जल प्रदाय योजनाओं के प्रदर्शन में कमी को देखते हुए निमार्ण ऐजेंसीं के प्रनितिधियों को निर्देशित किया कि कमियों को दूर कर योजना के कार्य को तेजी से पूर्ण करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक केवी, पीएचई और जल निगम के अधिकारी , इंजीनियर सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here