लापरवाही पर निगमायुक्त का एक्शन: राजेंद्र मलैया सस्पेंड, कई अधिकारियों के बदले दायित्व
सागर। कार्य में लापरवाही और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता पाये जाने पर निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कार्यवाही करते हुये स्थायीकर्मी राजेंद्र मलैया को निलंबित किया है। चार कर्मचारी राजेश सिंह राजपूत, आनंद मंगल गुरु, सईदुद्दीन कुरैशी और हरेंद्र खटीक को उनके प्रभारों से मुक्त करने का आदेश जारी किया है। जारी आदेशों के अनुसार वाहन प्रभारी हरेंद्र खटीक के स्थान पर कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। उपयंत्री आयुष शुक्ला और कृष्ण कुमार चौरसिया को सहायक प्रभारी अधिकारी का दायित्व सौंपा है, साथ ही कृष्ण कुमार चैरसिया को मजदूरी शाखा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग में राजेश सिंह राजपूत के स्थान पर सहायक आयुक्त तबस्सुम खान को प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी व शशांक रावत को सहायक प्रभारी अधिकारी बनाया है। आनंद मंगल गुरु से बाजार शाखा सहित सभी प्रभार वापस लेते हुये उक्त दायित्व प्रभारी राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी को सौंपे गये। इसके अलावा सहा. आयुक्त तबस्सुम खान को जीपीएफ, पेंशन, लोक सूचना अधिकारी और एनपीएस शाखा का प्रभार भी दिया गया है। फायर शाखा में सईदुद्दीन कुरैशी के स्थान पर कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। कृष्ण कुमार चौरसिया और आयुष शुक्ला को सहायक फायर अधिकारी का दायित्व दिया है। निगमायुक्त ने स्वास्थ्य स्थापना शाखा में पदस्थ राजेंद्र सनकत का स्थानांतरण करते हुये उन्हें पंतनगर जोन क्र.8 में सफाई कार्य के लिये पदस्थ किया है। इसके साथ ही निगमायुक्त ने सहा.स्वच्छता अधिकारी आनंद मंगल गुरु को कर्मचारी संघों की मांगों के निराकरण से संबंधित मामलों में आपेक्षित कार्यवाही नहीं करने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में उन्हें एक दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। निगमायुक्त ने कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता और दायित्वों के प्रति असंवेदनशीलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जायेगी। दोषी पाये जाने पर नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जायेगी।


