सरकारी नौकरी और शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

0

सरकारी नौकरी और शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
सागर। सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने और शादी का झांसा देकर 20 वर्षीय युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर बुधवार को दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि पीड़िता निजी स्कूल में शिक्षिका थी। इसी दौरान उसकी पहचान क्षेत्र में रहने वाले कृष्णा नामक युवक से हुई। आरोपी ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और अपनी पत्नी को तलाक देकर शादी करने का वादा किया।
शिकायत के अनुसार, 4 मई को आरोपी युवती को रानगिर माता मंदिर ले गया, जहां मांग में सिंदूर भरकर शादी का विश्वास दिलाया। इसके बाद वह उसे जबलपुर ले गया, जहां दोनों छह दिन तक एक होटल में रुके। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह युवती को वृंदावन भी ले गया और वहां भी दुष्कर्म किया। लौटने के बाद आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
जब आरोपी लगातार शादी की बात टालने लगा तो युवती को उसकी नीयत पर संदेह हुआ। वह किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों के साथ मोतीनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here