कटरा बाजार में निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, निगमायुक्त ने खुद झाड़ू उठाकर दिया स्वच्छता का संदेश
सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने गुरुवार सुबह शहर में अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। कटरा बाजार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाया गया, जबकि बस स्टैंड परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई व्यवस्था सुधारने का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने पाया कि कई दुकानदारों ने सड़क पर सामान रखकर आवागमन बाधित कर रखा है। उन्होंने मौके पर ही निगम अमले को सड़क पर रखा सामान जब्त करने और अवैध होर्डिंग, बैनर, बरसाती सहित अन्य अवरोध हटाने के निर्देश दिए। कार्रवाई के बाद मार्ग को व्यवस्थित कराया गया।
राजकुमार खत्री ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि दुकान का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में अतिक्रमण मिलने पर जब्ती, जुर्माना और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद निगमायुक्त ने बस स्टैंड, एमएलबी स्कूल क्षेत्र, कटरा बाजार सहित विभिन्न स्थानों की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। कुछ स्थानों पर गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई की। उन्होंने जोन प्रभारियों, स्वच्छता निरीक्षकों, सफाई दरोगाओं और सफाईमित्रों को निर्देश दिए कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सागर स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, इसलिए शहर के किसी भी हिस्से में गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। भारत सरकार के “स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत जुलाई माह में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें नगर निगम की महत्वपूर्ण भूमिका है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एस.एस. बघेल, जोन प्रभारी शशांक रावत, अनिरुद्ध चाचोंदिया, रज्जन करोसिया, आशुतोष सोलंकी, अजय रैकवार, गंधर्व सिंह, अतिक्रमण प्रभारी कृष्ण कुमार चौरसिया, राजू रैकवार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



