टोल प्लाजा पर बहेरिया पुलिस का बड़ा एक्शन, ब्रेजा से 27 पेटी अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

0

टोल प्लाजा पर बहेरिया पुलिस का बड़ा एक्शन, ब्रेजा से 27 पेटी अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

सागर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत सागर पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्हीं निर्देशों के पालन में जिलेभर में लगातार सघन अभियान चलाकर नशा माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में थाना बहेरिया प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दिनांक 05 जुलाई 2026 को नियमित वाहन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग के दौरान सागर-बण्डा रोड स्थित टोल प्लाजा के समीप एक संदिग्ध मारुति ब्रेजा कार क्रमांक MP15CB5064 को रोककर जांच की गई।

वाहन में चालक सहित दो व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ में चालक ने अपना नाम साहिल पिता गोलू यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी किसानी मोहल्ला, बण्डा तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम अरविंद पिता अमृतलाल यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 14, बण्डा बताया।

वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट एवं डिक्की से प्लेन सफेद शराब एवं सागर गोल्ड व्हिस्की की कुल 27 पेटियां, जिनमें लगभग 243 लीटर अवैध शराब भरी हुई थी, बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹1,35,000 है। आरोपियों से शराब के परिवहन संबंधी वैध लाइसेंस एवं दस्तावेज मांगे जाने पर वे कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके।

इस पर पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त मारुति ब्रेजा कार (कीमत लगभग ₹5,00,000) को जब्त कर कुल लगभग ₹6,35,000 मूल्य का मशरूका जप्त किया गया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस द्वारा आरोपियों से बरामद शराब के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे भी प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना बहेरिया प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक श्रीधर अहिरवार, प्रधान आरक्षक , विश्वनाथ मिश्रा, आरक्षक ,नरेन्द्र रावत एवं आरक्षक,
आर देवराजेंद्र सोनी आर बबलू पटेल
की विशेष सराहनीय भूमिका रही।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था एवं जनसुरक्षा बनाए रखने हेतु ऐसे तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here